• लक्ष्मी मुक्ति योजना : 18 महिलाओं को 7/12 वितरित.
हर्षवर्धन देशभ्रतार “गौतम नगरी चौफेर” भंडारा/तुमसर :- यहां तहसील कार्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराजस्व अभियान के तहत पांचवें समाधान शिविर का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया. इससे पहले देव्हाड़ी, मिटेवानी, गर्रा और नाकाडोंगरी में शिविर आयोजित किए गए थे. शिविर में राजस्व विभाग के साथ पंचायत समिति, ग्रामपंचायत, कृषि विभाग, भूमि अभिलेख विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पोस्ट ऑफिस, सामाजिक वनीकरण विभाग, वन विभाग, शालेय पोषण आहार, सेतु केंद्र तथा आधार केंद्र के स्टॉल लगाए गए थे.
शिविर में लगभग 500 लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया. परीविक्षाधीन उपविभागीय अधिकारी गणेश तिघे की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का उद्घाटन नप उपाध्यक्ष सचिन बोपचे, तहसीलदार उपेश अंबादे, शिविर के उद्घाटन अवसर पर नप उपाध्यक्ष बोपचे, तहसीलदार अंबादे और अन्य नगरसेविका सोनिया धुर्वे, गुलराज कुंदवानी की प्रमुख उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर तहसीलदार उपेश अंबादे ने शिविर में उपस्थित नागरिकों को विभिन्न 15 योजनाओं की जानकारी देते हुए उनमें लाभार्थी बनने की प्रक्रिया समझाई.
इस दौरान कृषि विभाग की ओर से 1 ट्रैक्टर तथा 1 रोटावेटर का वितरण किया गया. लक्ष्मी मुक्ति योजना अंतर्गत 18 महिलाओं को खाताधारक के रूप में दर्ज कर उन्हें सात-बारह वितरित किए गए.
समाधान शिविर बना जनसुविधा का प्रभावी माध्यम तुमसर में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराजस्व समाधान शिविर जनसुविधा का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा. इसमें ग्रामीण और शहरी नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, भूमि अभिलेख, वन विभाग तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया, विशेष रूप से महिलाओं को लक्ष्मी मुक्ति योजना के तहत खाताधारक के रूप में दर्ज कर अधिकार प्रदान करना महत्वपूर्ण पहल रही. शिविर में सात-बारह, फेरफार प्रमाणपत्र वितरण तथा आधार अपडेशन जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं बताया गया कि आगामी शिविर सिहोरा में आयोजित किया जाएगा. अधिक से अधिक किसानों और नागरिकों से इसका लाभ लेने की अपील की गई. शिविर की सफलता के लिए नायब तहसीलदार संजय जांभुलकर, अप्पासाहेब व्हनकड़े, मंडल अधिकारी प्रवीण साटकर, तुकाराम केंद्रे, ग्राम राजस्व अधिकारी सीमा तुमसरे, सरोज बन्सोड, छाया बारेवार मानकर, विक्टर गजभिये, सुरेंद्र चौरागड़े ने सहयोग किया.
महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता 155 के तहत सात-बारह दुरुस्ती कर लाभ प्रदान किया गया. इसके अलावा 45 फेरफार मामलों का निपटारा कर सात-बारह और फार्म 8-अ का वितरण किया गया. शिविर में संजय गांधी योजना के 123 लाभार्थियों को मंजूरी प्रदान की गई. एक ही दिन में 17 डोमिसाइल, 35 आय प्रमाणपत्र तथा 9 अधिवास प्रमाणपत्र जारी किए गए तथा 20 लाभार्थियों के आधार अपडेट किए गए.


COMMENTS